गोपाल चतुर्वेदी
चित्तौड़गढ़ । कोरोना महामारी के प्रकोप के मध्यनजर अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस ने अनूठी पहल की है। चित्तौड़गढ़ नगर क्षेत्र में जिला प्रशासन और पुलिस की टीम द्वारा घर-घर जाकर प्रतिमाएं ली जाएंगी एवं विधिवत विसर्जन किया जाएगा। यह कार्य कोतवाली थाना, सदर थाना और चंदेरिया थाना क्षेत्र में किया जाएगा।
उपखंड अधिकारी श्यामसुन्दर विश्नोई ने अपील कर कहा कि अनंत चतुर्दशी को गणेश प्रतिमा विसर्जन सार्वजनिक रूप से नदी, तालाब या कुंड में नहीं करें। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने वाहनों की व्यवस्था की है। हर वाहन के साथ पुलिस एवं प्रशासन का एक-एक कार्मिक मौजूद रहेगा। यदि कोई घर में प्रतिमा विसर्जन नहीं करना चाहे तो प्रशासन के वाहनों में प्रतिमाएं रख दें, जिन्हें जलाशय में विसर्जित किया जाएगा। ये वाहन गली-मोहल्लों में सुबह से शाम तक घूमते रहेंगे, जिन्हें प्रतिमा सुपुर्द कर सकते हैं।

