1

हाई अलर्ट पर सहारनपुर पुलिस…

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में आतंकियों के छिपे होने की आशंका को देखते हुए
सहारनपुर पुलिस भी हाईअलर्ट मोड पर आ चुकी है, जिसके तहत रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, होटल तथा अन्य संभावित स्थानों पर नजरें गडा दी गयी है। सहारनपुर आतंकी वारदातों से अछूता नहीं है। आतंकियों द्वारा तीन ब्रिटिश नागरिकों को यहां बंदी बनाकर रखना और पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गाजियाबाद थाने में तैनात दरोगा ध्रु्रवलाल यादव तथा आरक्षी राजेश यादव का आतंकियों द्वारा स्वचालित हथियारों से की गयी अंधाधुन फायरिंग में शहीद होना सहारनपुर की जनता भुला
नहीं पायी है। गौरतलब है कि पिछले दिनों दिल्ली की स्पेशल सेल तथा मुंबई एटीएस ने विभिन्न स्थानों से पाक प्रशिक्षित 6 आंतकियों को धर दबोचा था। इनमें आतंकी ओसामा उर्फ शमी ने कड़ी पूछताछ के दौरान खुलासा किया था कि उसका चाचा हुमेदउर रहमान अपने कुछ साथियों के साथ फरार है। उसने ये भी जानकारी दी थी कि उसके चाचा के पास विस्फोटक तथा हथियार हैं, जो उसने किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए छिपाए हुए हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस जानकारी के आधार पर छिपाये गये विस्फोटक तथा हथियार तो बरामद कर लिए लेकिन हुमेद उर रहमान पुलिस की स्पेशल सेल के हत्थे नहीं चढ़ पाया। संभावना जतायी गयी कि हुमेद उर रहमान व उसके साथी यूपी में भी कहीं छिपे हो सकते हैं जिस आशंका को देखते हुए सहारनपुर पुलिस भी हाई अलर्ट पर है।
वैसे भी सहारनपुर को आतंकियों की शरण स्थली कहा जाता रहा है, जिसके कई प्रत्यक्ष प्रमाण भी यहां मिल चुके है। ऐसे में आतंकियों के यूपी में
छिपे रहने की आशंका को देखते हुए सहारनपुर को तो कतई नज़र अंदाज नहीं किया जा सकता, जिसके चलते पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है।